दुर्ग, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
नगर क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेला, प्रमुख बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष सघन अभियान चलाया। 16 जनवरी 2026 को चलाए गए इस अभियान के तहत जिले भर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सख्त निगरानी रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थलों पर बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर अड्डेबाजी कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बन सकता था। पुलिस ने ऐसे असामाजिक तत्वों को मौके पर ही चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की और उनके पास से लोहे के कड़े उतरवाकर जब्त किए।
पुलिस द्वारा कुल 450 से अधिक लोहे के कड़े जब्त किए गए। साथ ही संबंधित युवकों को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई और दोबारा लिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
यह कार्रवाई मड़ई मेला परिसर, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर की गई। अभियान में जिले के सभी थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय और अनुशासित भूमिका निभाई, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अड्डेबाजी, हथियारनुमा वस्तुएँ पहनकर घूमने या भय का वातावरण बनाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
