दुर्ग, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा ने मंगलवार को विकासखण्ड दुर्ग एवं पाटन के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई शालाओं में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक गुणवत्ता में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिस पर संबंधित प्रधानपाठकों एवं कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालाजी नगर, खुर्सीपार में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यार्थियों को गंदे स्थान पर मध्यान्ह भोजन परोसा जा रहा था। भोजन के समय न तो परिसर में साफ-सफाई थी और न ही किसी शिक्षक की देखरेख मौजूद थी। इस गंभीर लापरवाही पर प्रधानपाठक मीनूलाल को नोटिस जारी किया गया है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-11 जोन-02 खुर्सीपार में निरीक्षण के समय कई शिक्षक एवं कर्मचारी सुबह 10 बजे तक विद्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
पूर्व माध्यमिक शाला भिलाई-03 में मध्यान्ह भोजन प्रारंभ होने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन वितरण एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक शाला जरवाय में बारहखड़ी, पहाड़ा, पुस्तक वाचन का नियमित अभ्यास कराने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं समय पर विद्यालय संचालन के निर्देश दिए गए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरवाय तथा सेजेस पुरैना के निरीक्षण के दौरान कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हांकित कर विशेष कार्ययोजना के तहत अध्यापन, पांच वर्षों के प्रश्न पत्र एवं प्रश्न बैंक के नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर नियमित प्रायोगिक कार्य एवं परीक्षा पूर्व अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
शासकीय हाईस्कूल सोमनी में एक शिक्षिका के उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर कर विद्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला सोमनी में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों में अपेक्षित शैक्षणिक स्तर नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रधानपाठक को नोटिस दिया गया।
प्राथमिक/माध्यमिक शाला सिरसाकला में पर्याप्त कक्ष उपलब्ध होने के बावजूद दो पालियों में शाला संचालन पाए जाने तथा तीन कक्ष बंद होने पर संस्था प्रमुख एवं सीएसी को नोटिस जारी किया गया। साथ ही शाला समय के बाद विद्यालय पहुंचने पर दो शिक्षिकाओं को भी नोटिस दिया गया है।
निरीक्षण के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संस्था प्रमुखों को मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, शैक्षणिक गुणवत्ता, नियमित अभ्यास एवं विद्यार्थियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
