दुर्ग, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में अहिवारा संभाग एवं वितरण केंद्र अहिवारा के संयुक्त तत्वावधान में वार्ड क्रमांक 12 स्थित मंगल भवन में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास यात्रा के साथ-साथ बिजली विभाग और उपभोक्ताओं के आपसी विश्वास को भी सम्मान के माध्यम से रेखांकित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत धमधा के अध्यक्ष श्री लीमन साहू एवं नगर पालिका परिषद अहिवारा के अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि अहिवारा सतीश साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष दामिनी साहू, पार्षद अनुज साहू एवं पुरुषोत्तम वर्मा, तथा सहकारी समिति अहिवारा के अध्यक्ष पवन जैन उपस्थित रहे। अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
वक्ताओं ने छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों की विकास यात्रा में विद्युत विभाग की भूमिका को अहम बताते हुए भविष्य में और बेहतर सेवाओं का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण उपभोक्ता सम्मान रहा। पारदर्शिता और सेवा भावना को बढ़ावा देते हुए विभाग द्वारा घरेलू, गैर-घरेलू, कृषि, सोलर एवं बीपीएल श्रेणी के 25 उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभाग के सेवाभावी सेवानिवृत्त लाइन इंस्पेक्टर नरेश सेन को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता दुर्ग वृत्त आर.के. मिश्रा, कार्यपालन अभियंता अहिवारा टी.एल. सहारे, सहायक अभियंता विजय बंजारे एवं कनिष्ठ अभियंता संदीप वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
