रायपुर, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ भारत स्काउट एंड गाइड संगठन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। भारत स्काउट एंड गाइड के राष्ट्रीय सचिव द्वारा प्रदेश के शिक्षामंत्री गजेन्द्र यादव को छत्तीसगढ़ स्काउट एंड गाइड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का अधिकृत पत्र जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही संगठन के भीतर चल रही असमंजस की स्थिति काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है।
राष्ट्रीय संगठन से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि नियम 17.1 के तहत प्रदेश के शिक्षामंत्री को पदेन अध्यक्ष बनाए जाने का प्रावधान है। इसी नियम के अंतर्गत गजेन्द्र यादव को छत्तीसगढ़ भारत स्काउट एंड गाइड का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया है।
गौरतलब है कि इस पूरे मामले को लेकर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिस पर आगामी 12 फरवरी को सुनवाई होनी है। इससे पहले यह मामला तब सुर्खियों में आया था, जब बालोद में आयोजित जंबूरी के ठेके और आयोजन समिति से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।
विवाद के दौरान भारत स्काउट एंड गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन ने यह बयान दिया था कि बृजमोहन अग्रवाल ने शिक्षामंत्री रहते हुए स्वयं को निर्वाचित अध्यक्ष घोषित करवा लिया था। इस बयान के बाद संगठन और सत्ता के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। वहीं बृजमोहन अग्रवाल ने पूरे मामले में शिक्षामंत्री गजेन्द्र यादव पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
हालांकि जंबूरी कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हो गया, लेकिन इसके बाद भी राजनीतिक और संगठनात्मक विवाद थमता नजर नहीं आया। इस बीच बृजमोहन अग्रवाल द्वारा अपने निवास पर आयोजित डिनर कार्यक्रम में शिक्षामंत्री गजेन्द्र यादव की मौजूदगी ने भी राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया था।
अब राष्ट्रीय संगठन के पत्र के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा सरकार पर लगातार किए जा रहे हमलों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हाईकोर्ट की आगामी सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
