भिलाई, 1 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
शिक्षाधानी भिलाई के शासकीय वैशाली नगर महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर शहर और महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। बलौदाबाजार में आयोजित सात दिवसीय राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को कैबिनेट मंत्री के हाथों सम्मानित किया गया।
इस शिविर में प्रदेश के नौ विश्वविद्यालयों से 250 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। दुर्ग स्थित शासकीय हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की ओर से 20 स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर के एनएसएस स्वयंसेवक कामरान अली ने ई-पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं रील मेकिंग स्पर्धा में भी उनकी प्रस्तुति सराही गई।
महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेविका डीकेश्वरी साहू ने रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक संध्या और सांस्कृतिक रैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विशेष पहचान बनाई। सभी चयनित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। इस पूरे आयोजन में महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार ठाकुर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
शिविर के अनुभवों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम ने कहा कि विद्यार्थियों ने नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक दायित्व की भावना का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और एनएसएस—तीनों के लिए गर्व का क्षण बताया।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक जैनेंद्र दीवान, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चांदनी मरकाम, तथा महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों व कर्मचारियों ने भी स्वयंसेवकों की उपलब्धियों की सराहना की।
