दुर्ग, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुपेला स्थित जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक में म्यूल अकाउंट खोलकर ठगी की रकम का लेनदेन करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में 12 लाख 78 हजार 997 रुपए की अवैध राशि जमा होने का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से सामने आया। पोर्टल से म्यूल अकाउंट से जुड़े संदिग्ध लेनदेन की सूचना मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में यह खाता जेना स्मॉल फाइनेंस बैंक, सुपेला शाखा में खुला पाया गया।
पुलिस जांच में खाता धारक की पहचान मोहम्मद गुलाम अंसारी (36 वर्ष), निवासी वैशाली नगर के रूप में हुई। आरोपी द्वारा बैंक खाता खुलवाकर विभिन्न ऑनलाइन ठगी मामलों से प्राप्त रकम को अपने खाते में जमा कराना और निकालना सामने आया है। जांच में पता चला कि आरोपी ने 16 अक्टूबर 2024 से लगातार इस खाते का उपयोग किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने छलपूर्वक और बेईमानी से अवैध धन अर्जित करते हुए अपने खाते में कुल ₹12,78,997 जमा कराए, जो कई ऑनलाइन धोखाधड़ी मामलों से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस राशि का उपयोग वह निजी लाभ और संपत्ति संवर्धन के लिए कर रहा था।
मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 158/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) एवं 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी के भी कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या ओटीपी साझा न करें। म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी में शामिल पाए जाने पर खातेधारक पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, सहायक उप निरीक्षक पूरण दास साहू एवं अभय शुक्ला का विशेष योगदान रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य नेटवर्क और लिंक की जांच जारी है।
