दुर्ग, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
दुर्ग जिले की कुम्हारी थाना पुलिस ने अवैध रूप से कर्ज देकर अत्यधिक ब्याज वसूली और धमकी देने वाले एक सूदखोर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुम्हारी निवासी सुमन टंडन (45 वर्ष) ने थाना कुम्हारी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी सचिन द्विवेदी (23 वर्ष), निवासी कुम्हारी, ने उनके पुत्र को अलग-अलग किश्तों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपये उधार दिए थे। इसके एवज में आरोपी द्वारा 15 प्रतिशत ब्याज की दर से रकम वसूल की गई।
शिकायत के अनुसार, अब तक आरोपी द्वारा फोन-पे और नगद माध्यम से कुल 3 लाख 94 हजार 816 रुपये की वसूली की जा चुकी है, इसके बावजूद मूलधन और ब्याज के नाम पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। ब्याज न देने पर जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 308(2), 308(4), 351(3) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 04 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध सूदखोरी के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
