दुर्ग, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
दुर्ग जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए मोहन नगर पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दुपहिया वाहन में घूम-घूमकर अवैध शराब बेच रहे दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 29 जनवरी 2026 को थाना मोहन नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन दुर्ग के पास दो व्यक्ति स्प्लेंडर बाइक में बैठकर शराब की अवैध बिक्री कर रहे हैं।
सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी, जहां से नरेश पारधी (32 वर्ष) एवं प्रशांत पारधी (19 वर्ष), दोनों निवासी खुर्सीडीह बोरई, थाना पुलगांव को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 42 पौवा अवैध शराब (7.86 बल्क लीटर), जिसकी कीमत लगभग 4,620 रुपए आंकी गई, जब्त की गई।
इस मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
