दुर्ग, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जामुल नगर पालिका परिषद के एक भाजपा पार्षद और ज्वेलरी व्यापारी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाते हुए जामुल थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार 20 जनवरी की बताई जा रही है। भाजपा पार्षद दीपक गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ठेठवार मोहल्ला क्षेत्र में ज्वेलरी व्यापारी केशव सोनी ने उनका रास्ता रोककर अपशब्द कहे और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। पार्षद का आरोप है कि केशव सोनी ने लकड़ी के डंडे से उन पर हमला किया, जिससे उनके सिर, बाईं आंख और हाथ की उंगली में चोट आई।
वहीं, ज्वेलरी व्यापारी केशव सोनी ने भी पार्षद दीपक गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। केशव का कहना है कि वह धान बेचकर घर लौट रहे थे, तभी ठेठवार पारा सुभाष नगर में पार्षद ने उन्हें रोका और पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि पार्षद ने प्लास्टिक के पाइप से हमला किया और बाद में अपने भाई को बुलाकर उनके साथ मिलकर मारपीट की।
इस पूरे मामले में जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
