दुर्ग, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अंडा में आयोजित अंडा परिक्षेत्र सतनामी समाज सम्मेलन एवं उतई हथखोज पारा में आयोजित एक दिवसीय भव्य पंथी प्रतियोगिता में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी एवं सतनाम पंथ के पवित्र प्रतीक जैतखाम की विधिवत पूजा-अर्चना कर की तथा समाजजनों को आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथ-प्रदर्शक थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” आज भी सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का मजबूत आधार है। यह संदेश हमें जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का मार्ग दिखाता है।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि जिस युग में समाज कुरीतियों, छुआछूत और असमानता से जकड़ा हुआ था, उस समय बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा और समानता का निर्भीक संदेश देकर समाज में चेतना का संचार किया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की साय सरकार संत गुरु घासीदास बाबा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की गारंटियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य आशा विक्की मिश्रा, जनपद सदस्य अजीत चंद्राकर, सरपंच दिग्विजय सिन्हा, उपसरपंच यशवंत बंजारे, पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं समाज अध्यक्ष चंद्रशेखर बंजारे, पूर्व जनपद सदस्य टिकेश्वरी देशमुख, विक्की मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, युवा, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पारंपरिक पंथी नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
