दुर्ग, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। नगर निगम दुर्ग द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में गुरुवार को वार्ड क्रमांक 60 अंतर्गत पुष्पक नगर से कातुल बोर्ड चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार के नेतृत्व में निगम के अमले ने नालियों के ऊपर एवं बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया, वहीं अवैध रूप से रखी गई सामग्री को जब्त किया गया। निगम द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।
अवैध बैनर-पोस्टर हटे, शहर की सुंदरता पर फोकस
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर लगे अवैध बैनर एवं पोस्टरों को भी हटाया गया। इस अवसर पर आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि शहर की व्यवस्था और सौंदर्य को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर सख्ती बरती जाएगी और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
नियम तोड़ने पर जुर्माना
नालियों के बाहर रॉड व अन्य सामग्री रखने पर संबंधित व्यक्तियों से अर्थदंड वसूला गया। साथ ही दुकानों में प्रतिबंधित डिस्पोजेबल सामग्री पाए जाने एवं डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों पर भी जुर्माना लगाया गया।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे नालियों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, स्वच्छता नियमों का पालन करें और शहर को स्वच्छ, सुंदर व सुव्यवस्थित बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।
