दुर्ग, 20 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शासकीय कार्यालयों, बैंक परिसरों, स्कूलों-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से जुड़े बैनर, पोस्टर और जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जा रही है।
अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने, तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्रा न करने, दोपहिया वाहन चलाते समय चालक व पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रेरणादायक कविताओं, प्रभावशाली स्लोगनों और संदेशात्मक पोस्टरों के जरिए लोगों को सरल, रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि नागरिकों में सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित हो सके।
पुलिस विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह सामने आया है कि करीब 78.7 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं चालकों की लापरवाही और त्रुटियों के कारण होती हैं। इनमें मुख्य रूप से शराब या मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग, क्षमता से अधिक सवारी बैठाना, निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाना तथा थकान की स्थिति में ड्राइविंग करना शामिल है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन प्रतिवर्ष 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाता है। इस दौरान आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों को सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार यातायात संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
