भिलाई, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) – दुर्ग जिले के भिलाई कुम्हारी थानाक्षेत्र के ग्राम परसदा कैवल्यधाम के पास एक महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को ग्रामीणों ने खेत में पड़े शव को देखा और तुरंत कुम्हारी थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 साल के बीच है। शव की स्थिति गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला को कहीं और मारकर इस स्थान पर फेंका गया हो।
थाना कुम्हारी पुलिस ने शव की पहचान कराने और घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
