दुर्ग, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6 भिलाई में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में अपराधों पर नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने पूर्व वर्षों से लंबित मर्ग, शिकायतों एवं साइबर अपराध से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ठोस साक्ष्य एकत्र कर मामलों का शीघ्र और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस एवं आम नागरिकों से संबंधित प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निपटारा करने पर विशेष जोर दिया।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले में महिला कमांडो दल के गठन के निर्देश दिए गए। साथ ही सक्रिय चाकूबाजों, नशेड़ियों एवं निगरानी बदमाशों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध प्रभावी और निरंतर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, लंबित साइबर फ्रॉड प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी और अवैध कार्यों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ ठोस कदम उठाने पर विशेष बल दिया गया।
इस समीक्षा बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा, एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा, उप पुलिस अधीक्षक रक्षित केंद्र चंद्र प्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक नेवई भारती मरकाम, उप पुलिस अधीक्षक आकर्षि कश्यप सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
