रिसाली, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। नगर पालिक निगम रिसाली ने जलकर बकाया वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए नल विच्छेदन की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई शुरू होते ही वार्ड क्रमांक 31 में बकायादारों में हड़कंप मच गया और छह उपभोक्ताओं ने तत्काल 42 हजार रुपये जलकर जमा कर दिया।
निगम प्रशासन द्वारा शहीद किरण देशमुख वार्ड के 17 उपभोक्ताओं को जलकर बकाया होने पर पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। तय निर्देशों के तहत जब निगम अमले ने ताम्रध्वज मार्कण्डेय के घर नल कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू की, तो आसपास के अन्य बकायादार भी हरकत में आ गए और आनन-फानन में निगम कार्यालय पहुंचकर बकाया राशि जमा करने लगे।
टैक्स कलेक्शन प्रभारी रवि श्रीवास्तव के अनुसार, नरोत्तम साहू ने 11,960 रुपये, जी.सी. शर्मा और मीना देवांगन ने 6,920-6,920 रुपये, राजकुमार वर्मा ने 4,400 रुपये तथा शिवमंगल साहू ने 9,440 रुपये जलकर के रूप में जमा कराए।
उन्होंने बताया कि राम नारायण पर बीते चार वर्षों से 17,630 रुपये जलकर बकाया है, जिनमें से 2,520 रुपये जमा कर शेष राशि के भुगतान के लिए समय मांगा गया है। वहीं बिरजू राम ठाकुर को 6,880 रुपये जमा करने के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई है, अन्यथा उनके नल कनेक्शन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा बल्लू राम साहू, महेश सोनवानी, देवकी बाई, बम्लेश्वरी सिंह, त्रिवेणी देवांगन, जानकी यादव, यादेश साहू और जमवंतीन बाई सहित अन्य बकायादारों को भी जलकर भुगतान के नोटिस जारी किए गए हैं।
निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जलकर सहित अन्य करों के बकायादारों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
