दुर्ग/भिलाई, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत अंतरराज्यीय अफीम तस्करी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान से अफीम मंगवाकर भिलाई क्षेत्र में ट्रक चालकों सहित अन्य ग्राहकों को सप्लाई कर रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-06 भिलाई क्षेत्र में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अफीम की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महाराणा प्रताप चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवीर सिंह (65 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई नगर बताया।
तलाशी में भारी मात्रा में अफीम बरामद
आरोपी की मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 205 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल भी जब्त की। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 80,500 रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। दुर्ग पुलिस अब इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों, अफीम के स्रोत और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
दुर्ग पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशा मुक्त समाज की दिशा में ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
