दुर्ग 16 जनवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट):भिलाई-3 क्षेत्र में स्थित गुरु घासीदास नगर, वार्ड क्रमांक 7 के सार्वजनिक जय स्तंभ जैतखाम में शांति भंग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नगर के ही एक व्यक्ति ने जैतखाम परिसर में जबरन प्रवेश कर तोड़फोड़ की कोशिश की और समाज के लोगों को धमकाया।
सतनामी समाज के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद कोसले ने बताया कि 10 जनवरी की सुबह करीब साढ़े सात बजे, जब रोज की तरह सामूहिक आरती संपन्न हो रही थी, तभी अजय जंगम अपनी मां के साथ वहां पहुंचा। बताया गया कि उसने गेट पर लात मारते हुए अंदर घुसने का प्रयास किया और हाथ में लोहे का रॉड लेकर मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि वह जैतखाम को नुकसान पहुंचाने के इरादे से आगे बढ़ रहा था, लेकिन समाज के सदस्यों ने उसे रोक लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
समाज के अध्यक्ष ने बताया कि जय स्तंभ जैतखाम की स्थापना करीब 30 वर्ष पूर्व स्थानीय नागरिकों के सहयोग से की गई थी। इसी परिसर में प्रतिवर्ष 18 से 31 दिसंबर तक गुरु घासीदास जयंती का आयोजन किया जाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिदिन होने वाली सामाजिक आरती के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई है और इसमें किसी प्रकार के बड़े ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग नहीं होता। छोटे साउंड बॉक्स से सीमित क्षेत्र तक ही आवाज पहुंचती है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है।
