दुर्ग, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। दुर्ग पुलिस द्वारा सशक्त एप के प्रभावी उपयोग से लगातार चोरी के मामलों में सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में भिलाई नगर थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्कूटी को पुलिस ने बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी को एक प्रार्थिया ने थाना भिलाई नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी होंडा एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 07 BD 3682, सफेद रंग) 7 जनवरी की सुबह चोरी हो गई थी। प्रार्थिया अपनी स्कूटी को सेक्टर-10 भिलाई स्थित सड़क नंबर 24 में एक मकान के बाहर खड़ी कर घरेलू काम के लिए अंदर गई थी। करीब आधे घंटे बाद बाहर निकलने पर स्कूटी मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने सशक्त एप के माध्यम से आरोपी की पहचान की और पतासाजी करते हुए सेक्टर-10 भिलाई निवासी 18 वर्षीय अंशुल सैनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गई होंडा एक्टिवा को गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी अंशुल सैनी को 14 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के मामलों में सशक्त एप की उपयोगिता एक बार फिर साबित हुई है।
