दुर्ग, 12 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, जियो पेट्रोल पंप के पीछे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की उम्र करीब 27 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मौके पर युवक की शर्ट खुली हुई थी और बेल्ट भी ढीली अवस्था में मिली। हालांकि, शरीर पर किसी भी तरह के चोट या मारपीट के निशान नहीं पाए गए हैं।
कुम्हारी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या या किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई होगी। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आसपास के इलाकों में पहचान को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला प्राकृतिक मौत का प्रतीत होता है। संभावना है कि युवक शौच के लिए पीछे की ओर गया होगा, तभी अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसने जूते उतारे और गर्मी के कारण शर्ट के बटन खोल दिए होंगे। बाद में जमीन पर लेटने के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
