दुर्ग, 09 जनवरी। भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन कंपनी परिसर में शुक्रवार को एक गंभीर औद्योगिक दुर्घटना सामने आई, जिसमें एक श्रमिक की जान चली गई। हाइड्रा क्रेन के नीचे दबने से हेल्पर के रूप में कार्यरत उदीत मांझी की मौके पर ही मौत हो गई।
सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि घटना उस समय हुई, जब क्रेन के माध्यम से लोहे का सामान लोड किया जा रहा था। सामान में जंजीर बांधने के लिए उदीत मांझी क्रेन के पास खड़ा था। इसी दौरान क्रेन ऑपरेटर की कथित लापरवाही से क्रेन अचानक आगे बढ़ गई, जिससे उदीत उसकी चपेट में आ गया।
हादसे के तुरंत बाद मौजूद कर्मचारियों ने गंभीर रूप से घायल श्रमिक को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
