दुर्ग, 09 जनवरी। जिले के ग्राम दारगांव में एक मकान के भीतर रखी पैरावट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही सूचक ने तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कार्यालय, दुर्ग को अवगत कराया।
सूचना के तुरंत बाद दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से दमकल वाहन और कर्मियों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पानी की लगातार बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया। कई दमकल वाहनों की मदद से आग को पूरी तरह बुझा लिया गया, जिससे आसपास के मकानों तक आग फैलने से रोक दी गई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले को अज्ञात कारणों से लगी आग माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
इस सराहनीय कार्य में दल प्रभारी भगवती बंजारे के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मी उमाशंकर, कुलेश, पराग, शैलेंद्र, नितिन एवं तामेश्वर ने टीमवर्क और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को संभाला। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई।
