दुर्ग, 09 जनवरी। जिला दुर्ग में न्यायालयीन कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6 भिलाई में जिले के समस्त थाना एवं चौकी में पदस्थ कोर्ट मोहर्रिर और कोर्ट आरक्षकों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। यह बैठक रात्रि 8 बजे आयोजित की गई।
बैठक के दौरान एसएसपी ने चिन्हित अपराध योजना के अंतर्गत चयनित प्रकरणों में एफआईआर दर्ज होने से लेकर न्यायालय में अंतिम निर्णय तक की समस्त जानकारी नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले से संबंधित अभिलेखों का विधिवत और सुव्यवस्थित संधारण अनिवार्य रूप से किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों तथा निगरानी बदमाशों के मामलों में जमानत निरस्तीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता से अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान कोर्ट मोहर्रिर एवं आरक्षकों को आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी भी दी गई, ताकि न्यायालयीन कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री मणि शंकर चंद्रा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी के कोर्ट मोहर्रिर एवं आरक्षक उपस्थित रहे। एसएसपी ने सभी कर्मचारियों से न्यायालयीन कार्यों में सतर्कता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने की अपेक्षा जताते हुए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
