भिलाई, 09 जनवरी।
बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7, भिलाई में विद्यालय की रजत जयंती के उपलक्ष्य में “स्पार्कल–25” का भव्य आयोजन किया गया। 6 जनवरी 2026 को आयोजित इस समारोह में विद्यालय के 25 वर्षों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सर्वांगीण विकास और उपलब्धियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय परिसर स्थित सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें छात्र, शिक्षक, अभिभावक और अतिथिगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा विभाग के निदेशक (एमएम) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती तथा विशिष्ट अतिथि श्री उत्पल दत्ता (टीएसडी एवं सीएसआर) रहे। इनके साथ शिक्षा विभाग के महाप्रबंधक श्री ए.बी. श्रीनिवासन, श्रीमती शिखा दुबे, पीटीए सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अभिभावक एवं विद्यार्थी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने वातावरण को भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण बना दिया। पीटीए अध्यक्ष श्री भुवनेश्वर सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूबी बर्मन रॉय ने विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में प्राप्त उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद और सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सीबीएसई कक्षा 12वीं में 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नौशाबा नाज़ तथा कक्षा 10वीं में 95.4 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाले दीपक निषाद को विशेष रूप से सराहा गया। खेल क्षेत्र में 7 राष्ट्रीय और 5 राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को श्री उत्पल दत्ता द्वारा पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय में विशेष योगदान के लिए मनप्रीत सिंह लोहिया, तीस्ता एवं गरिमा तिवारी को उभरती प्रतिभा के रूप में सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं की छात्रा मनप्रीत कौर लोहिया को ‘विद्यालय स्टार’ घोषित किया गया, जबकि प्लूटो हाउस को सर्वश्रेष्ठ हाउस का खिताब मिला।
मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में विद्यालय को शहर, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाला अग्रणी संस्थान बताते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश दिया।
समारोह के दौरान विज्ञान, वाणिज्य, गणित एवं गृह विज्ञान विषयों की परियोजनाओं की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही पुष्प सज्जा, सलाद और रंगोली प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार को उजागर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘उभरता भारत’ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती नमिता देशपांडे और डॉ. शीतल चंद्र शर्मा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक मनप्रीत सिंह लोहिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती अनीता अशोक ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। रजत जयंती का यह भव्य आयोजन सभी उपस्थितजनों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनकर यादों में दर्ज हो गया।
