दुर्ग, 06 जनवरी।
युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से आदर्श शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, जी.ई. रोड पावरहाउस भिलाई में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला (पीएमएनएएम) का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 12 जनवरी 2026 (सोमवार) को सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।
इस अप्रेंटिसशिप मेले में 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण इच्छुक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। मेले के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठित उद्योगों एवं कंपनियों में अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने के लिए अपनी मार्कशीट, प्रमाण पत्र, रिज्यूम, आधार कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था भिलाई से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मेले में कई नामी उद्योग एवं संस्थान भाग लेंगे। इनमें वासलोह बीके कास्टिंग लिमिटेड, लाइट इंडस्ट्रियल एरिया भिलाई में मैकेनिस्ट, फाउंड्रीमैन, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर एवं फीटर के पदों के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे। वहीं आत्मनिर्भर रेसिडेंशियल कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, भिलाई में ऑफिस ऑपरेशन ट्रेड के लिए अप्रेंटिसशिप दी जाएगी।
इसके अलावा विष्णु केमिकल लिमिटेड, लाइट इंडस्ट्रियल एरिया भिलाई में फिटर एवं इलेक्ट्रीशियन, एक्मे ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड में इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, फीटर व कारपेंटर, सिम्प्लेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड में इलेक्ट्रीकल, वेल्डर, फीटर व कोपा ट्रेड के लिए अवसर मिलेंगे। जय बालाजी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रसमड़ा दुर्ग में फिटर व वेल्डर तथा माइंडलैब्ज़ मीडिया टेक प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद (गुजरात) में सभी ट्रेड के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
संस्था प्रबंधन ने योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं। यह मेला युवाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
