दुर्ग, 05 जनवरी।
दुर्ग नगर निगम के रिसाली क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 3 में हाउसिंग बोर्ड द्वारा सी-ब्लॉक निर्माण की तैयारी के विरोध में स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा है। वार्डवासियों ने इसे क्षेत्र का एकमात्र खेल मैदान बताते हुए दो दिवसीय धरना शुरू कर दिया है। नागरिकों का कहना है कि प्रस्तावित निर्माण से न केवल बच्चों और युवाओं का खेल मैदान समाप्त हो जाएगा, बल्कि लगभग 70 घरों पर भी संकट मंडरा रहा है।
हाउसिंग बोर्ड द्वारा मैदान के चारों ओर बाउंड्री वॉल खड़ी कर निर्माण की प्रक्रिया शुरू किए जाने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। विरोध कर रहे नागरिकों का आरोप है कि बिना समुचित सुनवाई और वैकल्पिक व्यवस्था के यह निर्माण अनुचित है।
वार्ड की पार्षद सारिका साहू ने बताया कि खेल मैदान को बचाने के उद्देश्य से पहले ही ‘खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति’ का गठन किया गया था। समिति द्वारा कलेक्टर से लेकर विधायक तक ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिससे नागरिकों को धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरने को समर्थन देने पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने कहा कि निगम द्वारा कुछ लोगों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक एकजुट रहेंगे तो इस आंदोलन को मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने कलेक्टर और बीएसपी प्रबंधन से चर्चा कर खेल मैदान को सुरक्षित रखने का आश्वासन भी दिया।
फिलहाल स्थानीय लोग निर्माण गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन और नागरिकों के बीच चल रहा यह विवाद अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना है।
