रायपुर/दुर्ग। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अंतर्गत दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर 6 के समीप ड्यूटी कर रहे एक रेलवे कर्मचारी की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
रेलवे सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है। वे रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे। रविवार को उनकी ड्यूटी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक की थी। हादसा सुबह करीब 9 बजे किलोमीटर संख्या 865/27 (रायपुर एंड) के पास हुआ, जब एक खाली मालगाड़ी (एन/बॉक्स) वहां से गुजर रही थी। इसी दौरान अजय कुमार उसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर दुर्ग ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को अवगत कराया। आरपीएफ, जीआरपी दुर्ग और स्थानीय रेलवे कर्मचारियों की मदद से करीब 9:50 बजे शव को ट्रैक से हटाकर मर्चुरी भेजा गया।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। रेलवे प्रशासन और जीआरपी मामले की जांच कर रहे हैं। सहकर्मियों ने अजय कुमार को एक जिम्मेदार और मेहनती कर्मचारी बताया है। घटना के बाद स्टेशन परिसर और रेलवे कर्मचारियों में शोक का माहौल है।
