दुर्ग, 02 जनवरी। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सुरक्षा अभियान का सकारात्मक असर जिले में साफ दिखाई दे रहा है। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं एवं दुर्घटना जनित मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। विशेष रूप से नशे में वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई से दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है।
यातायात पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर फोकस करते हुए व्यापक, सतत और सघन अभियान चलाया गया। नशे में वाहन चालन के विरुद्ध 1370 चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट क्षेत्रों में सुधार कार्य एवं प्रभावी निगरानी के चलते हादसों में कमी आई है। नववर्ष अवसर पर 31 दिसंबर और 01 जनवरी को लगाए गए स्पेशल चेकिंग पॉइंट के दौरान जिले में एक भी सड़क दुर्घटना नहीं हुई।
वर्ष 2025 में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुल 1 लाख 22 हजार चालानी कार्रवाई की गई। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 20,235, बिना सीट बेल्ट पर 7,238, रैश ड्राइविंग के 1,685, ड्रिंक एंड ड्राइव के 1,370, काली फिल्म के 181, मालवाहक वाहन में सवारी के 378 तथा अन्य यातायात उल्लंघनों के 90,913 प्रकरण शामिल हैं।
न्यायालयीन कार्रवाई के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में न्यायालय द्वारा कुल 1 करोड़ 39 लाख 99 हजार 800 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। वहीं समस्त चालानी कार्रवाई के अंतर्गत वर्ष 2025 में कुल 3 करोड़ 83 लाख 61 हजार 900 रुपये की समन शुल्क राशि जारी की गई है।
यदि वर्ष 2024 से तुलना की जाए तो उस दौरान कुल 60,215 चालान किए गए थे और लगभग 1 करोड़ 97 लाख 14 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया था। इस तरह वर्ष 2025 में चालानी कार्रवाई लगभग दोगुनी रही है।
सड़क सुरक्षा के मोर्चे पर सबसे बड़ा सकारात्मक संकेत ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में देखने को मिला है। वर्ष 2024 में जहां ब्लैक स्पॉट पर 23 लोगों की मृत्यु हुई थी, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर मात्र 3 रह गई।
नववर्ष को ध्यान में रखते हुए 31 दिसंबर 2025 को विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें बिना हेलमेट 165, ड्रिंक एंड ड्राइव 31, रैश ड्राइविंग 14, बिना सीट बेल्ट 38, ओवर स्पीडिंग 25 सहित कुल 366 चालान किए गए और 86,400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में वाहनों को जप्त कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए।
यातायात पुलिस दुर्ग का कहना है कि ऑपरेशन सुरक्षा के चलते जिले में यातायात अनुशासन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों की सुरक्षा को मिला है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं व अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
