गरियाबंद, 02 जनवरी।
गरियाबंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे रेंज स्तरीय ऑपरेशन निश्चय के तहत फिंगेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा लेकर स्विफ्ट कार से जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन में अवैध गांजा, हीरा एवं वन्य जीव तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए ऑपरेशन निश्चय चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 01 जनवरी 2026 को थाना प्रभारी फिंगेश्वर को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति स्विफ्ट कार में गांजा लेकर महासमुंद रोड से फिंगेश्वर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर फिंगेश्वर थाना गेट के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की सफेद रंग की स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 04 HS 5978) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिग्गी से एक प्लास्टिक बोरी में रखे 9 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 9 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मिथुन नेताम (उम्र 36 वर्ष) एवं योगेश कुमार ठाकुर (उम्र 31 वर्ष, निवासी उसलापुर, जिला बेमेतरा) बताया। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 4 लाख 45 हजार रुपये तथा प्रयुक्त वाहन की कीमत 2 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती 6 लाख 45 हजार रुपये की बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आगे की विवेचना जारी है।
