दुर्ग, 1 जनवरी 2026।
रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट खपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने सब्जी और अन्य सामान खरीदते समय नकली नोट चलाते हुए एक पति-पत्नी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
घटना 29 दिसंबर 2025 की है। थाना रानीतराई क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में व्यापारियों द्वारा नकली नोट चलने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरूण कुमार तुरंग एवं उसकी पत्नी राखी तुरंग को मौके से हिरासत में लिया।
पीड़ित सब्जी व्यापारी तुलेश्वर सोनकर ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने सब्जी खरीदने के बाद उसे 500 रुपये का नोट दिया था, जो जांच करने पर नकली निकला। इसके बाद अन्य व्यापारियों से पूछताछ में भी सामने आया कि यही दंपत्ति रानीतराई के अलावा पाटन साप्ताहिक बाजार में भी नकली नोट चला चुका है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अरूण तुरंग ने खुलासा किया कि उसने ऑनलाइन माध्यम से कलर फोटो कॉपी प्रिंटर और कागज मंगवाकर नकली नोट तैयार किए थे, जिन्हें काटकर बाजारों में चलाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर स्थित निवास पर दबिश देकर तलाशी ली, जहां से कलर फोटो कॉपी मशीन, कागज और कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। बरामद नोटों में 500, 200 एवं 100 रुपये के नकली नोट शामिल हैं।
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 123/2025 के तहत धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) वीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नकली नोट के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध नोट की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
