दुर्ग।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग के दुर्ग जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार झलरिया ने अपना जन्मदिन संजीवनी वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों के साथ सादगी और हर्षोल्लास के साथ मनाकर सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।

इस अवसर पर श्री झलरिया ने आश्रम में निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताते हुए उनके अनुभव सुने और उनकी आवश्यकताओं के प्रति गंभीरता दिखाई।
श्री झलरिया ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारी धरोहर हैं और उनकी सेवा व सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने आश्रम के वृद्धजनों को आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान आश्रम का वातावरण भावनात्मक और उल्लासपूर्ण रहा। आश्रम प्रबंधन एवं उपस्थित लोगों ने श्री झलरिया के इस मानवीय कदम की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
