भिलाई, 30 दिसंबर। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में नहर के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया।
फॉरेंसिक प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम हेतु मर्चुरी भेजा जाएगा। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच हर एंगल से कर रही है और यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत दुर्घटना से हुई है या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
