दुर्ग, 23 दिसंबर।
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने एवं संपन्न आयोजनों की समीक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी की दुर्ग शहर विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन गौरव पथ स्थित सतनामी कल्याण आश्रम में किया गया। बैठक में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग जिला संगठन प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन तथा जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक में 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी एवं 26 दिसंबर को आयोजित होने वाले वीर बाल दिवस कार्यक्रम को लेकर तैयारियों, जिम्मेदारियों एवं दायित्व निर्धारण पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही संभव है। पार्टी का हर कार्यकर्ता अल्प सूचना पर भी संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने सभी से संगठन को निरंतर मजबूत और सक्रिय बनाए रखने का आह्वान किया।
दुर्ग जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, जिसका श्रेय पूरी तरह कार्यकर्ताओं को जाता है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कार्यकर्ताओं को अब तक के सफल कार्यक्रमों के लिए बधाई दी और आगामी आयोजनों में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि अटल जी की जन्म शताब्दी और वीर बाल दिवस जैसे कार्यक्रम संगठन के लिए विशेष महत्व रखते हैं।
बैठक का संचालन जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष सरिता मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में महापौर अलका बाघमार, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
