दुर्ग, 21 दिसंबर।
ग्राम नगपुरा में प्रख्यात शिव कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर) के श्रीमुख से आयोजित शिव महापुराण कथा का आज सफल एवं शांतिपूर्ण समापन हुआ। 17 दिसंबर से प्रारंभ यह धार्मिक आयोजन 21 दिसंबर 2025 तक चला, जिसमें प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण हेतु पहुंचे।
श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में कुल 30 राजपत्रित अधिकारियों सहित लगभग 450 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। पुलिस द्वारा यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की गई।

कथा के दौरान कुछ बच्चे एवं बुजुर्ग भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ गए थे, जिन्हें कार्यक्रम स्थल पर स्थापित पुलिस सहायता केंद्र की मदद से सुरक्षित रूप से उनके परिजनों से मिलाया गया। इस पहल से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
आयोजन स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सादी वर्दी में पुलिस बल भी तैनात रहा, जो असामाजिक तत्वों एवं जेबकतरों पर नजर बनाए हुए था।
दुर्ग पुलिस की सतर्कता, बेहतर योजना एवं समन्वय के चलते इतने बड़े धार्मिक आयोजन के बावजूद कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई। श्रद्धालुओं एवं आयोजकों ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की।
