दुर्ग, 20 दिसंबर।
शहर में स्वच्छ और सुव्यवस्थित स्ट्रीट फूड संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा जी.ई. रोड पर मैनोनाईट चर्च के सामने नवनिर्मित हाईजीनिक फूड जोन विकसित किया गया है। इस फूड जोन में स्टॉल आबंटन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 दिसंबर 2025 कर दी गई है।
महापौर अलका बाघमार एवं नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में बाजार विभाग ने यह निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक छोटे व्यापारी, स्ट्रीट वेंडर एवं फूड व्यवसाय से जुड़े लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। निगम का उद्देश्य शहरवासियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्थान पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

निगम अधिकारियों के अनुसार, फूड जोन में सभी स्टॉल निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तैयार किए गए हैं, जिससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके। स्टॉल आबंटन पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा, इसलिए इच्छुक आवेदकों से समय पर आवेदन करने की अपील की गई है।
स्टॉल आबंटन से संबंधित नियम एवं शर्तें नगर पालिक निगम दुर्ग की आधिकारिक वेबसाइट और बाजार विभाग कार्यालय में उपलब्ध हैं। आवेदकों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ तय समय-सीमा में आवेदन जमा करना अनिवार्य होगा।
नगर निगम का मानना है कि इस फूड जोन के संचालन से न केवल शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि छोटे व्यापारियों को स्थायी रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। वहीं नागरिकों को एक ही स्थान पर विविध, स्वादिष्ट और सुरक्षित खाद्य विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें:
सहायक राजस्व निरीक्षक/बाजार प्रभारी – शशिकांत यादव
मोबाइल : 98274 66841
नगर निगम की यह पहल आत्मनिर्भर भारत और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
