*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के बार बार छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ अमित शाह का दूसरा ससुराल है। वे यहां की खनिज संपदा को अपने मित्र उद्योगपतियों के हवाले करने के वास्ते रेड कार्पेट बिछाने के लिए आते हैं।
गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ खासकर बस्तर दौरे को लेकर तंज कसते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख एवं प्रखर आदिवासी नेता दीपक बैज ने कहा कि जिस तरह एक दामाद को ससुराल सुहाना लगता है, वैसे ही अमित शाह को छत्तीसगढ़ प्यारा लगता है। छत्तीसगढ़ उनका दूसरा ससुराल है। दरअसल अमित शाह की नजर यहां की अकूत खनिज संपदा पर गड़ी हुई है। वे यहां की खनिज संपदा को लगातार अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले करते जा रहे हैं। रायगढ़ की कोल माइंस, कोरबा की कोल माइंस, हसदेव की कोल माइंस, बस्तर की लौह अयस्क खदानें, स्टील प्लांट, कांकेर की खदान अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मित्र को सौंप चुके हैं। अब उनकी नजर खैरागढ़ की खदान पर है। उसे भी सौंपने की तैयारी कर ली गई है। श्री बैज ने कहा कि बस्तर वन एवं खनिज से समृद्ध है। अमित शाह बस्तर को पूरी तरह बेच देने पर आमादा हैं। वे अपने मित्रों के लिए रेड कार्पेट बिछाने बार बार छत्तीसगढ़ और बस्तर आते हैं। उनका लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का खात्मा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा का खात्मा करना है।
