*****अर्जुन झा *****
*दल्ली राजहरा।* लौह अयस्क नगरी दल्ली राजहरा की खदान से निकलने वाले लौह अयस्क से करोड़ों मुनाफा अर्जित करने वाले भिलाई स्टील प्लांट द्वारा लगातार जनता एवं कई संगठनों की मांग के बाद 61 लाख की लागत से 13 किलोमीटर सड़क निर्माण की निविदा जारी की गई। ज्ञात हो कि इस घोषणा के महीनों बाद निविदा प्रक्रिया और कार्यारंभ होने से पहले से ही मामला विचारणीय था। ऊपर से अब जब मरम्मत कार्य शुरू किया गया है तो नगरवासियों द्वारा मुखर हो कर सड़क निर्माण एवं मरम्मत की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी व्यक्त की जा रही है।

ठेका एजेंसी द्वारा झरन मंदिर के आगे डामर सड़क मरम्मत कार्य किया गया और अब बीएसपी हॉस्पिटल सेक्टर में कार्य किया जा रहा है। सभी जगह देखा जा सकता है कि किस तरह ठेकेदार द्वारा मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है । डामर को बेहद कम तापमान में गर्म कर केवल हल्की परत बिछाने का कार्य किया जा रहा है।
जानकारों के अनुसार यह सड़क मरम्मत 6 माह भी नहीं टिक पाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि ठेका एजेंसियों को अधिकारियों की मिलीभगत से नगरवासियों को और बीएसपी को चपत लगाने खासा लेन देन हुआ है।इंजीनियर और अन्य अधिकारी स्वयं इस क्षेत्र में रहते हैं, मगर वे निर्माण एवं मरम्मत कार्य की अनदेखी कर रहे हैं। उनकी नजरों के सामने इस तरह का गुणवत्ताहीन कार्य होना संदेहास्पद है। यदि सड़क मरम्मत का कार्य इसी तरह गुणवत्ताहीन हुआ तो नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों से सांसद से इसकी शिकायत करने की बात कही है ।
