*****अर्जुन झा*****
*जगदलपुर।* धान खरीदी को लेकर जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और उनकी टीम साय सरकार पर लगातार हमलावर हैं, वहीं बस्तर जिले में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य एवं पूर्व विधायक रेखचंद जैन भी खरीदी व्यवस्था और किसानों की समस्याओं पर पैनी नजर रखे हुए हैं। श्री मौर्य, श्री जैन और उनकी टीम लगातार खरीदी केंद्रों में दबिश दे रही है।
आज बस्तर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महामंत्री अभिषेक नायडू, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, हेमू उपाध्याय, नीतीश शर्मा व अन्य नेताओं ने सेमरा, मार्केल बम्हनी नगरनार में धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। श्री जैन एवं श्री मौर्य ने धान की तौलाई देखी और कहा कि किसी भी हाल में किसानों से अतिरिक्त धान की उगाही न की जाए, तौलाई सही ढंग से की जाए, किसानों का हक न मारा जाए, टोकन मिलने में आ रही दिक्क़तों का त्वरित निरकरण किया जाए और किसानों को उनके धान का पैसा समय पर मिले। कई किसानों ने मोर टोकन एप में आ रही दिक्क़तों और सर्वर डाउन होने की समस्या की जानकारी कांग्रेस की टीम को दी। सुशील मौर्य एवं रेखचंद जैन ने खरीदी केंद्रों में मौजूद किसानों से भी चर्चा कर उनके दुख तकलीफों को साझा किया। अधिकांश किसानों ने श्री जैन और श्री मौर्य के समक्ष इस बात की शिकायत की कि कांग्रेस शासनकाल की तुलना में धान खरीदी व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। कांग्रेस शासनकाल में हम बड़ी ही सुगमता पूर्वक धान बेच लेते थे और समय पर पैसा भी मिल जाता था।
