*****अर्जुन झा*****
जगदलपुर। बस्तर के 27 शिव स्थलों और शिव संदर्भित कथाओं पर आधारित किताब ‘बस्तर के शिवधाम’ का विमोचन गीदम में चल रहे शिव महापुराण कथा स्थल पर सोमवार को अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने किया।
दक्षिण बस्तर के गीदम में 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक मां दंतेश्वरी शिव महापुराण कथा चल रही है। सोमवार शाम शिव महापुराण पंडाल में जगदलपुर के हेमंत कश्यप द्वारा लिखित किताब बस्तर के शिवधाम का विमोचन किया गया। इस किताब में बस्तर संभाग के ऐतिहासिक तथा पौराणिक महत्व के 27 शिव मंदिरों का उल्लेख है। इसके अलावा बस्तर के जन जीवन में शिव का क्या महत्व, लोक कथाओ में शिव के विभिन्न रूपों को संकलित किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने बस्तर के विभिन्न शिवधामों का संग्रह कर प्रकाशित की गई इस किताब की तारीफ करते हुए कहा कि बस्तर शिव और शक्ति का धाम है। यहां की शिवधामों की जानकारी जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास बेहतर है। बताते चलें कि हेमंत कश्यप द्वारा बस्तर दशहरा, पौराणिक नगरी बारसूर, दंतेश्वरी शक्तिपीठ, चित्रकोट, और बस्तर में हिंगलाज धाम पर किताबें प्रकाशित कर चुके हैं। विमोचन अवसर पर दंतेवाड़ा के विधायक चैतराम अटामी, शिव महापुराण कथा के मुख्य आयोजक विजय प्रसाद तिवारी विशेष तौर पर उपस्थित थे। इस मौके पर श्रीमती हेमलता कश्यप ने कथा वाचक प्रदीप मिश्रा को धान से तैयार शिवजी की प्रतिमा तथा नव पतिया बेल का पौधा भेंट की।
