**जगदलपुर।** जिले में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक मां ने अपनी ममता को शर्मसार करते हुए नवजात शिशु को जंगल में छोड़ दिया। सौभाग्य से बच्चा सुरक्षित मिला और उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल, डिमरापाल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला 1 दिसंबर का है, जो जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर करपावंड थाना क्षेत्र के ग्राम पाथरी (पार्वतीपुर) का है। यहां एक महिला ने जन्म के कुछ समय बाद ही अपने नवजात बेटे को जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया।
अगली सुबह गांव का एक युवक लकड़ी बीनने जंगल गया, जहां उसे झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। युवक ने तुरंत गांव जाकर परिवार और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद सभी लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल नवजात का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
