**रायपुर, 5 दिसंबर।** दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के संरक्षा विभाग ने शुक्रवार को मरौदा स्टेशन में ट्रेनों की सुरक्षित संचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एक संरक्षा संगोष्ठी आयोजित की। इस कार्यक्रम में परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक तथा इंजीनियरिंग विभागों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
संगोष्ठी के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें—कुहासे के दौरान ट्रेन संचालन के नियम, स्पैड की रोकथाम, शंटिंग कार्य में आवश्यक सुरक्षा उपाय, चालकों व परिचालकों द्वारा संभावित खामियों की रिपोर्टिंग, कंट्रोलर द्वारा बरती जाने वाली सावधानियां, ठंड के मौसम में पेट्रोलिंग और सुरक्षा प्रबंध, गेटमैन की जिम्मेदारियां, एन-बॉक्स एचएल वैगन का रखरखाव तथा पॉइंट और सिग्नल फेल होने की स्थिति में अनुसरण किए जाने वाले निर्देश शामिल थे। साथ ही हाल में हुई दुर्घटनाओं की समीक्षा और आग से बचाव एवं अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस कार्यक्रम में सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार और संरक्षा सलाहकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रायपुर मंडल का संरक्षा संगठन हर माह विभिन्न स्टेशनों पर दो संरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन करता है, ताकि कर्मचारियों में कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
संगोष्ठी में संरक्षा सलाहकार, सुपरवाइजर और फील्ड कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
