**रायपुर, 05 दिसंबर ।**
सर्व छत्तीसगढ़ी समाज ने आज घासीदास प्लाजा से एक विशाल रैली निकालते हुए छत्तीसगढ़ की अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया। यह रैली आमापारा, आजाद चौक और तात्यापारा मार्ग से होते हुए अंततः जिलाधीश कार्यालय पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में युवक–युवतियों सहित विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए।
इसी बीच, लंबे समय से फरार चल रहे छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने देवेन्द्रनगर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। बघेल पर देश के कई राज्यों में सिंधी और अग्रवाल समाज के देवस्थानों एवं ईष्ट देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था। वे पिछले दो महीनों से फरारी काट रहे थे।
सर्व छत्तीसगढ़ी समाज के नेताओं ने बूढ़ापारा तालाब, स्वामी आत्मानंद और खुबचंद बघेल से जुड़े संस्थानों के नाम बदलने का भी विरोध जताया। उनका कहना है कि वे इस संबंध में राजभवन जाकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी की भी स्थिति बनी। समाज के प्रवक्ताओं का आरोप है कि कुछ तत्व छत्तीसगढ़ी और गैर-छत्तीसगढ़ी समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
