*****अर्जुन झा*****
*जगदलपुर।* बस्तर संभाग के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए तीनों जवानों को बीजापुर की नई पुलिस लाईन में अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद शहीदों के शव उनके गृहग्राम रवाना किए गए। इस मुठभेड़ में 18 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि बस्तर रेंज के आईजी सुंदर राज पी. ने की है।
शहीद जवानों की अंतिम विदाई देने दंतेवाड़ा के विधायक चैतराम अटामी, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, बस्तर आईजी सुंदरराज पी, डीआईजी सीआरपीएफ, डीआईजी पुलिस कमलोचन कश्यप, एसपी जितेंद्र यादव, एसपी दंतेवाड़ा गौरव राय, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जी.वेंकट, घासीराम नाग, श्रीनिवास मुदलियार, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम सहित सैकड़ों नागरिकों, ग्रामीणों व पुलिस के अधिकारियों व जवानों ने गमगीन माहौल में श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। अंतिम विदाई के पूर्व शहीद जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद बारी बारी से विधायक, आईजी, डीआईजी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व परिजनों ने रोते बिलखते बलपुष्पांजलि अर्पित की। इस दरम्यान मौजूद जवान अपने साथी शहीद जवानों के नाम लेकर अमर रहे के नारे लगाते रहे। तीनों शहीद जवानों को अंतिम विदाई देते समय परिजनों सहित साथी जवानों को रोते देखा गया। इस बीच आईजी ने जानकारी दी कि मुठभेड़ में 18 माओवादियों के शव बरामद हुए हैं। मोस्ट वांटेड माओवादी वेल्ला मोडियम भी मारा गया है
