*दुर्ग*4 नवंबर। जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आम नागरिकों से मुलाकात कर उनके आवेदन और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा और उत्तम ध्रुव भी मौजूद रहे।
आज के जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा नवीनीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 91 आवेदन दर्ज किए गए।
ग्राम निकुम के एक आवेदक ने बताया कि उनके परिवार को वर्ष 1968-69 में आवासीय भूमि का पट्टा दिया गया था, जिसका रिकॉर्ड मौजूद है, लेकिन वर्ष 2024-25 के सर्वे के बाद नया पट्टा जारी नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर ने भू-अभिलेख शाखा को दस्तावेज जांचकर आगे की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
वार्ड 42 सुभाष नगर की एक महिला ने अपने अगस्त से लापता पति द्वारा लिए गए लोन, सुसाइड नोट और निजी वित्तीय कंपनियों द्वारा दबाव बनाए जाने की शिकायत रखी। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने और दो बच्चों की जिम्मेदारी के बावजूद उनसे वसूली की जा रही है। कलेक्टर ने इस मामले में लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक कदम उठाने हेतु निर्देशित किया।
वार्ड 25 बजरंग नगर के एक नेत्रहीन युवक ने बताया कि उनका मकान जर्जर स्थिति में है और वे स्वयं मरम्मत या निर्माण कराने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। आवेदन के साथ उन्होंने नेत्रहीनता प्रमाणपत्र, राशन कार्ड और आधार कार्ड भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने दुर्ग नगर निगम आयुक्त को नियम अनुसार प्रक्रिया करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने कहा कि हर नागरिक की समस्या महत्वपूर्ण है और प्रशासन लोगों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
