**दुर्ग, 24 नवंबर ।** प्रदेश में कथित रूप से लालच या प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायतों के बीच पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में जबरन धर्मांतरण से जुड़े तीन मामलों में हस्तक्षेप करते हुए कुल 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला पास्टर भी शामिल है।
भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में एक आवास पर प्रार्थना सभा आयोजित करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मकान को चर्च की तरह उपयोग में लाया जा रहा था और प्रार्थना सभा के जरिए मतांतरण का प्रयास किया जा रहा है। इसके चलते बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं और साहू समाज के लोगों ने स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए महिला पास्टर सहित तीन आरोपितों पर धारा 299 बीएनएस, धारा 3(5) और छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 4 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की है। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में मनोज कुमार साहू, उनकी पत्नी, पास्टर मालती साहू और रविशंकर चंदेल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग घर के बाहर जमा हो गए थे और प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि साहू दंपती कुछ वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन कर चुके हैं और अब आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं।