दुर्ग। जिले में रफ्तार से होने वाले हादसों की श्रृंखला जारी है। नेशनल हाइवे 53 स्थित भिलाई पावर हाउस ओवरब्रिज के पास एक ट्रेलर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 28 वर्षीय साक्षी द्विवेदी की मौत हो गई। साक्षी राजनांदगांव के एबिस प्लांट में एचआर एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर रही थीं। यह दुर्घटना छावनी थाना क्षेत्र में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, साक्षी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से पावर हाउस स्टेशन उतरी थीं और वहां से अपने पिता के साथ बाइक पर सवार होकर मायके की ओर जा रही थीं। जैसे ही बाइक ओवरब्रिज से नीचे पहुंची, तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से धक्का मार दिया। हादसे में उनके पिता दूर जा गिरे, जबकि सड़क पर गिरी साक्षी ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही जान चली गई।
परिजनों ने बताया कि फरवरी 2025 में ही साक्षी की शादी हुई थी और परिवार खुशियों के माहौल में डूबा हुआ था, लेकिन यह दर्दनाक घटना उन्हें सदमे में छोड़ गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
