रिसाली नगर निगम ने संपत्ति कर सहित अन्य करों के भुगतान पर **2 प्रतिशत की विशेष छूट** की घोषणा की है। यह लाभ केवल **30 नवंबर** तक कर राशि जमा करने वाले नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेगा। निगम ने बताया कि नागरिक अब **क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे ऑनलाइन कर जमा** कर सकते हैं।
आयुक्त **मोनिका वर्मा** ने कहा कि क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद करदाता सीधे निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर पहुंच जाएंगे। वहां अपना **नाम या मोबाइल नंबर दर्ज कर बकाया राशि** देख सकते हैं और सुविधानुसार ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि **पेनाल्टी से बचने समय पर कर भुगतान** अवश्य करें।
**जल्द शुरू होगा चैट बॉट सिस्टम**
संपत्ति कर प्रभारी **रवि श्रीवास्तव** ने बताया कि नागरिकों की सुविधा बढ़ाने के लिए निगम एक **चैट बॉट** विकसित कर रहा है। यह चैट बॉट **व्हाट्सएप लिंक** के माध्यम से सक्रिय होगा, जहां नागरिकों को उनकी **बकाया राशि, डिमांड लेटर और भुगतान विकल्पों की पूरी जानकारी** सीधे मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध होगी। इसके जरिए भी ऑनलाइन टैक्स का भुगतान संभव होगा।
**20,600 डिमांड पत्र तैयार**
निगम अधिकारियों के अनुसार, सोमवार से नागरिकों को **डिमांड नोटिस** वितरित किए जाएंगे। इस वर्ष कुल **20,600 डिमांड पत्र** जारी किए जा रहे हैं। डिमांड लेटर प्राप्त करते ही नागरिक **ऑनलाइन भुगतान** कर सकते हैं, जिससे समय और प्रक्रिया दोनों में सुविधा होगी।
**फैक्ट फ़ाइल**
* **लक्ष्य राशि:** 21 करोड़ 30 लाख रुपये
* **कुल मकान:** 27,258
* **अब तक वसूली:** 45%
