भिलाई, 20 नवंबर। दुर्ग जिले की धर्मनगरी जामुल में भगवान श्रीराम के ननिहाल से जुड़ी पावन भूमि पर इस वर्ष एक विशाल और आध्यात्मिक श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शिवपुरी स्टेडियम, जामुल में होने वाला यह आयोजन 28 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक चलेगा।
इस नौदिवसीय कथा का वाचन प्रसिद्ध धर्मगुरु एवं श्रीराम लला सेवा सदन, रामकोट अयोध्या के अधिष्ठाता—परम पूज्य श्रीमज्जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य जी महाराज—द्वारा किया जाएगा। वे सनातन परंपरा और भारतीय संस्कृति के प्रख्यात व्याख्याकार माने जाते हैं।
आयोजकों के अनुसार, कथा के दौरान कई प्रतिष्ठित संत, महंत, विद्वान धर्माचार्य और देशभर से आने वाले कथावाचक भी जामुल पहुंचेंगे। प्रतिदिन लगभग 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के कथा श्रवण हेतु उपस्थित होने की संभावना है, जबकि शोभायात्रा में करीब एक लाख से अधिक भाविकों के सम्मिलित होने का अनुमान लगाया गया है।
