भिलाई, 17 नवंबर।
दुर्ग जिले की भिलाई थाना नेवई पुलिस ने साइकिल चोरी की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 साइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर साइकिल चोरी को अंजाम देते थे।
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब प्रार्थी *नीरज आडिल* ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 नवंबर को मजदूरी से लौटते समय उसने अपनी टॉरनेडो साइकिल (कीमत लगभग 4,000 रुपये) को मैत्री गार्डन के सामने टंकी मरोदा में खड़ा किया था। करीब 30 मिनट बाद लौटने पर साइकिल गायब मिली। शिकायत पर नेवई थाना पुलिस ने 16 नवंबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक क्षेत्र में लगातार साइकिल चोरी कर रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस और ACCU टीम ने *अजय विश्वकर्मा उर्फ जय* और *डोमन यादव* को मैत्री बाग गार्डन के पास से पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने नेवई सहित अन्य थाना क्षेत्रों से साइकिल चोरी करने की बात कबूल की।
आरोपियों की निशानदेही पर बैकुंठधाम रोड के पास कचरा डंपिंग स्थल से 30 साइकिलें बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 9 हजार रुपये है। इनमें 16 साइकिल अजय विश्वकर्मा और 14 साइकिलें डोमन यादव द्वारा चुराई गई थीं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान *अजय विश्वकर्मा (22 वर्ष), हाउसिंग बोर्ड छावनी* और *डोमन यादव (19 वर्ष), श्रमिक नगर जामुल* के रूप में की है। पुलिस की यह कार्रवाई लगातार बढ़ रही साइकिल चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता मानी जा रही है।
