कोरबा, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मंगलवार सुबह कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें प्याज से लदे डाला वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कोरबा की ओर से आ रहे एक ट्रेलर और चांपा की ओर से आ रहे डाला वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि डाला वाहन का चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। टोल नाका से राहत दल ने गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आवागमन को सामान्य कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक का इलाज जारी है। मृतक चालक के वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है। उसके परिजनों को भी जल्द सूचना दी जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
