गोदावरी, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के राजमुंदरी इलाके से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। पिछले 48 घंटों के भीतर किडनी संबंधी गंभीर समस्या के चलते 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। सभी पीड़ितों की उम्र 65 वर्ष से अधिक बताई जा रही है।
एक ही वेंडर से जुड़े मिले सभी मामले
प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, सभी प्रभावित लोगों ने एक ही स्थानीय वेंडर से सप्लाई किया गया दूध इस्तेमाल किया था। आशंका जताई जा रही है कि दूध मिलावटी था और उसे पीने के बाद ही लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
कोरुकोंडा मंडल के नरसापुरम गांव से एक दूध विक्रेता को हिरासत में लिया गया है। उसकी अवैध डेयरी यूनिट को सीज कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वेंडर द्वारा सप्लाई किए गए 105 परिवारों में से 75 परिवारों के दूध के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पानी के सैंपल सही, जांच का फोकस दूध पर
जिला प्रशासन ने सबसे पहले प्रभावित क्षेत्रों के पानी के सैंपल की जांच करवाई, जो सामान्य पाए गए। इसके बाद जांच की दिशा बदली गई और सभी पीड़ित परिवारों के बीच एक कॉमन लिंक सामने आया—एक ही डेयरी वेंडर का दूध।
